आयुष मंत्रालय बनाएगा गोवा: मुख्यमंत्री

आयुष मंत्रालय बनाएगा गोवा: मुख्यमंत्री
Panaji / December 11, 2022

पंजिम (गोवा), 11 दिसंबर। गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने रविवार को यहां 9वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस (डब्ल्यूएसी) के समापन सत्र में आयुर्वेद और चिकित्सा की पारंपरिक प्रणालियों को बढ़ावा देने के लिए राज्य में आयुष के लिए एक अलग मंत्रालय बनाने की घोषणा की।   प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी चार दिन के इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि थे।

श्री मोदी ने इस अवसर पर देश में आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी के तीन राष्ट्रीय संस्थानों को राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से गोवा में स्थापित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) दिल्ली का पहला सैटेलाइट केंद्र और आयुर्वेदिक अस्पताल शामिल है। 

स्वयं एक आयुर्वेद चिकित्सक के रूप में शिक्षित प्रशिक्षित मुख्यमंत्री डॉ सावंत ने कहा कि गोवा सरकार कल्याण की पारंपरिक प्रणालियों को बढ़ावा देने के लिए सभी प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आयुर्वेद की बढ़ी  क्षमता का लाभ उठाकर गोवा को स्वास्थ्य पर्यटन का केंद्र बनाया जाएगा।उन्होंने कहा कि देश आयुर्वेद का बड़े पैमाने पर प्रचार देख रहा है, जो श्री मोदी के नेतृत्व और समर्थन के कारण संभव हुआ है।‘मोदी जी के नेतृत्व की बदौलत आयुर्वेद के अच्छे दिन आए हैं। चीजें तब संभव होंगी जब मोदी राष्ट्र के नेता होंगे।” 

समारोह में केंद्रीय आयुष मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के समर्थन के कारण आयुर्वेद अब अपने 'अमृत काल' से गुजर रहा है।“प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में आयुर्वेद ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। श्री सोनोवाल ने कहा कि भारत की जी-20 अध्यक्षता आयुर्वेद को दुनिया भर में बढ़ावा देने के लिए शानदार अवसर प्रदान करेगी।   

समापन समारोह में गोवा के राज्यपाल श्री पी एस श्रीधरन पिल्लई, केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक, आयुष राज्य मंत्री श्री मुंजपारा महेंद्र भाई और विज्ञान भारती के अध्यक्ष डॉ शेखर मंडे उपस्थित थे।   

8-11 दिसंबर तक चले चार दिन के इस आयोजन में करीब 40 देशों के 400 प्रतिनिधियों के साथ कुल पांच हजार से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Photo Gallery

+
Content