कतर ने भारत से आने वाले फ्रोजन समुद्री खाद्य पर से प्रतिबंध हटाया

Kolkata / February 17, 2023

कोलकाता, 17 फरवरी: कतर ने भारत से फ्रोजन समुद्री खाद्य (सीफूड) के आयात पर अपना अस्थायी प्रतिबंध हटा लिया, जिससे निर्यात बढ़ाने और पश्चिम एशियाई देश के साथ द्विपक्षीय संबंधों में सुधार का मार्ग प्रशस्त होगा।

फीफा विश्व कप से ठीक पहले पिछले साल नवंबर में भारत से आने वाले कुछ खेपों में विब्रियो हैजा की कथित पहचान के बाद प्रतिबंध लगाया गया था। कतर के अधिकारियों ने भारत को सूचित किया था कि प्रतिबंध अस्थायी है और फुटबॉल मैच की वजह से उनके देश में पर्याप्त परीक्षण प्रयोगशालाओं की कमी के कारण ऐसा करना पड़ा है।

कतर में भारत के दूतावास के साथ भारत सरकार के तहत वाणिज्य विभाग तब से इस मुद्दे को हल करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कतर के जन स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ विचार-विमर्श किए जाने की वजह से, 16 फरवरी की अधिसूचना में फ्रोजन समुद्री खाद्य पर प्रतिबंध हटा दिया गया। हालांकि, ठंडे समुद्री खाद्य (चिल्ड सीफूड) के निर्यात पर प्रतिबंध जारी है।

“चीन द्वारा रोक को हटाए जाने को देखते हुए, यह सप्ताह भारत में समुद्री खाद्य निर्यातकों के लिए बहुत अच्छा साबित हुआ है। हम उम्मीद करते हैं कि स्थिति के पुनर्मूल्यांकन के बाद कतर द्वारा ठंडे समुद्री खाद्य पर लगे प्रतिबंधों को भी जल्द ही हटा दिया जाएगा," एमपीईडीए के अध्यक्ष श्री डी.वी. स्वामी ने कहा, जो 15 से17 फरवरी तक चलने वाले इंडिया इंटरनेशनल सीफूड शो के सिलसिले में शहर में हैं।

इस सप्ताह की शुरुआत में, 14 फरवरी को, बीजिंग ने सोर्स कंट्रोल पर भारत के आश्वासन को मानते हुए, 99 भारतीय समुद्री खाद्य-प्रसंस्करण निर्यातकों के निलंबन को हटा दिया है। एमपीईडीए ने अन्य एजेंसियों के साथ दिसंबर 2020 से कुल 110 इकाइयों के बीजिंग की निलंबन को हटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

 

Photo Gallery

+
Content